ताज़ा खबरपंजाबराजनीति

जालंधर नार्थ हलका इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने कांग्रेसियों को दिया करारा जवाब

कहा – ‘धरना देना है तो अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर करो’, पिछले कई साल से पिता-पुत्र ने मिलकर नार्थ हलके को 'नर्क' बना दिया

जालंधर, 30 सितंबर (धर्मेंद्र सौंधी) : जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए धरने के बाद सियासत गरमा गई है। जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने कांग्रेस विधायक बावा हैनरी और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता विकास कार्यों को लेकर धरना देना चाहते हैं तो उन्हें अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए।

‘10 साल से बावा हैनरी विधायक, तब विकास क्यों नहीं हुआ?’

मेयर वनीत धीर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जालंधर नॉर्थ हलके में पिछले कई वर्षों से विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बावा हैनरी लंबे समय से इस हलके का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान इन समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया गया।

वनीत धीर ने कहा कि बावा हैनरी के पिता अवतार हैनरी भी जालंधर नॉर्थ से तीन बार विधायक रह चुके हैं और पंजाब सरकार में मंत्री रहे हैं। अवतार हैनरी 1992, 1997 और 2002 में जालंधर नॉर्थ सीट से विधायक और पंजाब में मंत्री रहे।

लम्मा पिंड चौक से लेकर गाजी गुल्लां तक उठाए सवाल

मेयर वनीत धीर ने लम्मा पिंड चौक, बल्टर्न पार्क, दोमोरिया पुल और गाजी गुल्लां की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें से कई मुद्दे लंबे समय से चले आ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस की सरकार थी और बावा हैनरी विधायक थे, तब इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। वनीत धीर के मुताबिक, अब आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से विकास कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं तो कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

‘हैनरी पिता-पुत्र को देना चाहिए जवाब’

वनीत धीर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले अपने ही नेताओं से यह पूछना चाहिए कि जालंधर नॉर्थ में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान पहले क्यों नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को तेजी के साथ किया जा रहा है। अब जब आम आदमी पार्टी की सरकार इन समस्याओं का समाधान कर विकास कामों को तेजी के साथ कर रही है, तो बावा हैनरी को दुख हो रहा है।

वनीत धीर ने कहा कि असल में धरना देने वाले लोगों को अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए, क्योंकि असल में नार्थ हलके के पिछड़ेपन के लिए हैनरी पता-पुत्र जिम्मेदार हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button