ताज़ा खबरपंजाब

HMV कॉलेजिएट स्कूल में 10+1 की कक्षाओं का हवन समारोह से शुभारंभ

जालंधर, 17 अप्रैल (धर्मेंद्र सौंधी) : एच.एम.वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) एकता खोसला के कुशल नेतृत्व अधीन एसएससी-1 के नव अकाद‌मिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर पवित्र हवन का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आशीर्वाद देना एवं उन्हें नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। सर्वप्रथम परमपिता परमात्मा के चरणों में नतमस्तक होते हुए पवित्र मंत्रोच्चारण और वेदों के माध्यम से वातावरण को पवित्र बनाकर अग्नि में आहूतियां अर्पित कर सर्वमंगल की कामना की गई जिससे समस्त ओर शांति और सकारात्मकता का संचार किया गया।

प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने नवागन्तुक छात्राओं का इस संस्था में स्वागत किया एवं शुभाषीष देते हुए छात्राओं को आर्य अर्थात श्रेष्ठ बनने के लिए प्रेरित किया क्योंकि आर्य समाज सदैव हमें श्रेष्ठ बनने की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि जो समाज के लिए कार्य करे, अपने से पहले दूसरों के लिए कार्य करें, दुर्गुणों को दूर करे, वो आर्य है। उन्होंने छात्राओं को अपनी बुद्धि को संतुलित रखते हुए पूरी बुद्धिमता से परिश्रम, साहस, अनुशासन एवं पुरुषार्थ से अपना भाग्य का निर्माण करते हुए निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहते हुए अपनी क्षमता से लक्ष्य को प्राप्त कर सफलता की बुलंदियों को प्राप्त करते हुए संस्था, देश एवं माता-पिता को गौरवान्वित करने के लिए प्रोत्साहित किया। अंत में उन्होंने छात्राओं को ‘मैं सब कुछ कर सकती हूँ’ का मूलमंत्र दिया।

डीन एकेडेमिक्स और स्कूल एडवाइजर डॉ. सीमा मरवाहा ने नवागन्तुक छात्राओं को इस संस्था में आगमन हेतु हार्दिक अभिनंदन किया एवं कहा कि जीवन में ऐसा कुछ नहीं है जिसे आप प्राप्त नहीं कर सकते इसलिए आप अनुशासन में रहते हुए अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प, लगन एवं नियमों का पालन करते हुए अपने सपनों को प्राप्त करने में सक्षम हो सकते हो। उन्होने छात्राओं को शैक्षणिक शिक्षा को ग्रहण करने के साथ-साथ संस्था में होने वाली अशैक्षणिक गतिविधियों में भी प्रतिभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

स्कूल कोआर्डिनेटर श्रीमती अरविंदर कौर ने छात्राओं का स्वागत किया एवं अनुशासित रहने और कर्त्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। यज्ञ का समापन सर्वसृष्टि के कल्याण हेतु शांतिपाठ और प्रसाद वितरण के माध्यम से हुआ। यज्ञ का संचालन संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ. मीनू तलवाड़ ने किया। इस अवसर पर स्कूल सैक्शन के अध्यापकगण एवं नॉन टीचिंग विभाग के सदस्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button