ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर के स्वामी संतदास पब्लिक स्कूल के बाहर 12वीं के छात्र पर हुआ जानलेवा हमला

जालंधर, 17 अप्रैल (कबीर सौंधी) : महानगर के जेपी नगर स्थित नामी स्वामी संतदास पब्लिक स्कूल में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा के एक छात्र पर उसी की क्लास में पढ़ने वाले 4-5 लड़कों ने स्कूल के बाहर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी हमले में हमलावरों ने बैग से हथियार निकालकर छात्र के सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसके सिर पर 3 से 4 टांके आए हैं और दो दांत भी टूट गए हैं। पीड़ित छात्र बुरी तरह खून से लथपथ हो गया, जिसके बाद मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।

क्लास के अंदर हुए मामूली मजाक ने लिया खौफनाक रूप

पीड़ित छात्र की मां के मुताबिक, इस पूरे विवाद की शुरुआत क्लासरूम के अंदर एक मामूली मजाक और बहस से हुई थी। हालांकि, उस वक्त मौके पर मौजूद टीचर ने बच्चों को डांटकर मामला वहीं शांत करवा दिया था। इसके बाद पीड़ित छात्र ने शांति से अपने बाकी के 6 पीरियड लगाए और सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था। लेकिन, आरोपी लड़कों ने इस मामूली सी बात की खुन्नस मन में पाल ली और स्कूल की छुट्टी होने का इंतजार करने लगे।

छुट्टी के बाद गेट के बाहर घात लगाकर किया हमला

जैसे ही स्कूल की छुट्टी हुई और पीड़ित छात्र गेट से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे उसी की क्लास के 4-5 लड़कों ने उसे अचानक घेर लिया। आरोपियों ने अपने बैग से हथियार निकाला और बिना कोई मौका दिए छात्र के सिर, मुंह और गले पर जोरदार प्रहार करने शुरू कर दिए। अपने माता-पिता के इस इकलौते बेटे को आरोपियों ने बीच सड़क पर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया।

स्कूल प्रबंधन का गैर-जिम्मेदाराना रवैया, पुलिस के लिए भी नहीं खोले गेट

इस पूरी खौफनाक घटना में स्वामी संतदास पब्लिक स्कूल के स्टाफ और प्रबंधन का बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अड़ियल रवैया सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्कूल के गेट नंबर 4 के बाहर इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन स्कूल के टीचरों ने इस पूरी लड़ाई से साफ अनभिज्ञता जता दी। हद तो तब हो गई जब घटना के बाद पीड़ित परिवार स्कूल के बाहर घंटों तक इंसाफ मांगता रहा, लेकिन न तो प्रिंसिपल बात करने के लिए बाहर आईं और न ही सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने अंदर से गेट बंद कर लिए और पुलिस जांच में सहयोग करने की बजाय चुप्पी साधे रखी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button