
जालंधर, 05 मई (धर्मेंद्र सौंधी) : हंसराज महिला महाविद्यालय के स्नातकोत्तर बॉटनी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. रमनदीप कौर ने संस्थान को गौरवान्वित कर अपनी विलक्षण प्रतिभा को प्रतिपादित किया। उन्हें ‘सतत भविष्य के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों पर दूसरा अंतर्राष्टीय सम्मेलन’ ( 2nd International Conference on Emerging Technologies for Sustainable Future) (ETSF-2026) में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रुप से सम्मानित किया गया।
डॉ. रमनदीप कौर को चेन्नई रिसर्च फाउंडेशन द्वारा बेस्ट वुमन साइंटिस्ट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया, जो उनके वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों की पहचान है। सम्मेलन के दौरान डॉ. कौर ने सत्र अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वैश्विक प्रतिभागियों के बीच अकादमिक चर्चाओं का सफल संचालन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एल्गल बायोफ्यूल जैसे उभरते एवं महत्वपूर्ण विषय पर आमंत्रित व्याख्यान भी प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने सतत एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपने शोध कार्यों को साझा किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने डॉ. रमनदीप कौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल डॉ. कौर की कड़ी मेहनत, समर्पण और शोध उत्कृष्टता का परिणाम है, बल्कि संस्थान के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने बॉटनी विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंजना भाटिया तथा पूरे विभाग को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।














