
जालंधर, 28 जुलाई (कबीर सौंधी) : आम आदमी पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जालंधर के प्रथम नागरिक एवं मेयर विनीत धीर को जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र का हल्का इंचार्ज नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान के इस फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मेयर विनीत धीर को मिली इस नई जिम्मेदारी के बाद पार्टी कार्यकताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकताओं का कहना है कि विनीत धीर ने मेयर के रूप में शहर के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का भरोसा जताया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में विनीत धीर अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी नेताओं एवं कार्यकताओं ने विनीत धीर को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जालंधर नॉर्थ में आम आदमी पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनता के बीच पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।
इस अवसर पर विनीत धीर ने पार्टी हाईकमान, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा तथा केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर नॉर्थ के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर कार्यकताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे तथा पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी का पूरी लगन से निर्वहन करेंगे।










