
जालंधर, 15 अप्रैल (ब्यूरो) : आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज सुबह पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के जालंधर स्थित घर पर ईडी ने अचानक बड़ी रेड कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सुबह ठीक 9 बजे ईडी की टीम उनके आवास पर पहुंची और सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। किसी भी तरह की दखलअंदाजी को रोकने के लिए घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
राघव चड्डा मामले से जुड़े होने की तेज हुई चर्चा
इस अचानक हुई छापेमारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट काफी तेज हो गई है। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि इस रेड के तार राघव चड्डा के मामले से जुड़े हो सकते हैं। गौरतलब है कि महज 12 दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने एक बड़ा फेरबदल करते हुए सांसद राघव चड्डा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। पार्टी ने उनकी जगह अशोक मित्तल पर बड़ा भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। उपनेता की कुर्सी मिलने के कुछ ही दिनों बाद हुई इस कार्रवाई ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।
एलपीयू के फाउंडर और चांसलर हैं सांसद मित्तल
आम आदमी पार्टी के अहम नेताओं में शुमार अशोक मित्तल शिक्षा जगत का भी एक बड़ा नाम हैं। वह पंजाब स्थित देश की जानी-मानी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के फाउंडर और चांसलर हैं। साल 2022 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेजकर उच्च सदन में अपनी आवाज बुलंद करने का मौका दिया था। अब ईडी की इस ताजा छापेमारी के बाद यह देखना अहम होगा कि जांच एजेंसी को उनके ठिकानों से क्या कुछ हासिल होता है।













