
अमृतसर, 01 अगस्त (साहिल गुप्ता) : पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमा पार से संचालित कथित नशा तस्करी और संगठित अपराध नेटवर्क का पदार्फाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक हैंडलर के निदेर्शों पर काम कर रहा था। उक्त विदेशी हैंडलर के सीमा पार नशा तस्करों के साथ संबंध बताए जा रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की कथित भूमिका सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचने वाली हेरोइन की खेप प्राप्त करने और उसके बाद उसे पंजाब के विभिन्न हिस्सों में अन्य लोगों तक पहुंचाने की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितनी खेप प्राप्त कर आगे पहुंचा चुका है और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहनता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा पहले पकड़े जा चुके नशा तस्करी मॉड्यूल के साथ इसके संभावित संबंधों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने दोहराया कि सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन पर प्रहार कर पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करना है।










