
जालंधर, 19 जुलाई (कबीर सौंधी) : पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी पहल मेरी रसोई योजना के अंतर्गत लोक मिलनी दोरान वार्ड नंबर 49 में जरूरतमंद, श्रमिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राशन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और अपने हाथों से लाभार्थियों को राशन किट प्रदान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत और सुविधाएं पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत मेरी रसोई योजना जरूरतमंद लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आई है।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार रंगला पंजाब के विजन को साकार करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचा रही है। राज्य सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर रही है। हर घर के लिए के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मांवा धीयां सत्कार योजना, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के आधुनिकीकरण, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद वर्ग के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मेरी रसोई योजना’ भी इसी जनसेवा की सोच का हिस्सा है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न सोए। सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़ चढ़कर सहयोग देने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग दें ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा सके।
इस सेवा अभियान के आयोजन में डिपो होल्डर दीपक जौड़ा, विनय कुमार बंटी, सिकंदर लाल, भजन सिंह और मंगी लाल की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में वार्ड इंचार्ज कमलजीत सिंह भाटिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, उन्होंने केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत को चुनरी डाल कर सम्मानित किया। उनके अलावा आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजसेवी, स्थानीय निवासी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। राशन किट प्राप्त करने वाले लोगों ने पंजाब सरकार, केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और आयोज आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।










