क्राइमताज़ा खबरपंजाब

साथी छात्रों ने 12वीं क्लास के स्टूडेंट की गोली मारकर की हत्या

अमृतसर, 27 अप्रैल (ब्यूरो) : अमृतसर से बड़ी खबर है। यहां कंबो थाने के नंगली क्षेत्र में दो दोस्तों ने गोली मारकर अपने ही एक साथी की हत्या कर दी। विजय नाम का यह लड़का आरोपी के बेटे के साथ 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता दो साल से विदेश में नौकरी कर रहे हैं और मां घर में अकेली रहती थी।

पुलिस के अनुसार अभी हत्याकांड के कारणों का पता नहीं लग सका है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। सब इंस्पेक्टर शशपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

पति दो साल से विदेश में रह रहा है

जानकारी के मुताबिक नंगली गांव निवासी निर्मल सिंह की पत्नी कंवलजीत कौर की शिकायत पर कंबो थाने की पुलिस ने बुआ सिंह और बाबा दीप सिंह कालोनी निवासी हरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कंवलजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसका पति दो साल से विदेश में रह रहा है। वह अपने दो बेटे विजय (17) और अली के साथ घर में रहती है। उसका बेटा विजय बारवीं कक्षा की पढाई कर रहा है। बुआ सिंह और हरप्रीत सिंह उसके बेटे विजय को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।

पीड़िता ने बताया कि बुआ सिंह और उसका बेटा विजय एक ही कक्षा में पढ़ाई करते हैं। जब विजय घर नहीं लौटा तो उसने बेटे के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। लेकिन बेटे ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह अपने रिश्तेदारों को साथ लेकर बुआ सिंह के घर पहुंची तो वहां पता चला कि उसके बेटे को गोली लगी है और आरोपित उसे अस्पताल ले गए हैं।

बेटे की हत्या कर दी

जब वह अस्पताल पहुंची तो विजय की लाश खून से लथपथ पड़ी थी। उसके मुंह पर गोली का निशान था। महिला ने आरोप लगाया कि बुआ सिंह और उसके दोस्त हरप्रीत सिंह ने गोली मारकर उसके बेटे की हत्या कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button