हरियाणाताज़ा खबर

शादी के 4 महीने बाद नवविवाहिता ने किया सुसाइड, भाई ने जीजा पर लगाए आरोप

सोनीपत, 14 सितंबर (ब्यूरो) : हरियाणा के सोनीपत में 30 वर्षीय नवविवाहिता ने घर के कमरे में बंद होकर सुसाइड कर लिया। काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जाल से अंदर देखने पर वह फंदे पर लटकी मिली तो परिवार में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान प्रियंका गांव बुटाना के रूप में हुई। जिसकी चार माह पहले ही शादी हुई थी।

मृतका के भाई ने पति समेत चार लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि जीजा के अपनी भाभी से संबंध है, जिसका विरोध करने पर बहन को परेशान किया जा रहा था। शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सोनीपत के गांव बिधलान के रहने वाले नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 30 वर्षीय बहन प्रियंका की शादी 14 मई को गांव बुटाना निवासी नीरज उर्फ श्रीभगवान के साथ हुई थी। नीरज प्लंबर का काम करता है। नरेंद्र के अनुसार शादी को अभी करीब चार महीने ही हुए थे।

नरेंद्र ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रियंका को ससुराल में परेशान किया जा रहा था। उसका आरोप है कि नीरज के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। प्रियंका ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। प्रियंका को केवल उसका पति ही नहीं, बल्कि उसकी भाभी, मामा और मामी भी मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। नरेंद्र ने इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर बहन द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाया है।

रविवार को प्रियंका काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई। परिजनों ने कमरे के बाहर से उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद परिजनों ने दरवाजे के ऊपर बने जाल से अंदर झांककर देखा तो प्रियंका फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया।

मृतका के भाई नरेंद्र की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने पति नीरज समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button