ताज़ा खबरपंजाब

रायज़ादा हंसराज स्टेडियम को सोलर पावर प्लांट के लिए मिली एमपी फंड से 13.48 लाख की ग्रांट : सांसद हरभजन सिंह

जालंधर, 12 फरवरी (कबीर सौंधी) : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर स. हरभजन सिंह ने जालंधर स्थित ऐतिहासिक रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए अपने एमपी फंड से 13.48 लाख की ग्रांट मंजूर की है। सोलर पावर परियोजना का प्रस्ताव जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा लोक निर्माण विभाग के अनुमान के साथ भेजा गया था। पंजाब में खेलों के विकास के लिए लगातार सहयोग देने वाले सांसद स. हरभजन सिंह ने इस परियोजना को तुरंत मंजूरी दे दी।

यह पहली बार नहीं है जब सांसद ने एसोसिएशन की आर्थिक मदद की हो। वर्ष 2023 में उन्होंने इसी स्टेडियम में जिम उपकरण लगाने के लिए 16.50 लाख की ग्रांट दी थी। मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने कहा कि स. हरभजन सिंह से मुलाकात हमेशा प्रेरणादायक होती है। 2023 में उन्होंने स्टेडियम के जिम के लिए सहयोग दिया था। तब भी उन्होंने कहा था कि जब भी जरूरत हो, संपर्क करना। उन्होंने बताया कि स. हरभजन सिंह का इस स्टेडियम से खास लगाव है, क्योंकि उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में यहां बैडमिंटन खेला और प्रशिक्षण लिया था। सांसद ने यह भी आश्वासन दिया है कि अगली बार शहर आने पर वे स्टेडियम का दौरा करेंगे। खन्ना ने ग्रांट मंजूर कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए डिप्टी कमिश्रर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और स. अमरजीत सिंह का आभार जताया।

खन्ना ने कहा, “सोलर पावर प्लांट लगने से बिजली का खर्च कम होगा। बची हुई राशि खिलाड़ियों के विकास और प्रशिक्षण पर खर्च की जाएगी, जिससे उभरते खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। “सिविल लाइंस में स्थित रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम का संचालन जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा किया जाता है, जिसकी अध्यक्षता जालंधर के डिप्टी कमिश्नर करते हैं। वर्ष 1963 में स्थापित और स्वर्गीय रायजादा हंसराज सोधी के नाम पर बने इस स्टेडियम को उत्तर भारत की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित बैडमिंटन सुविधाओं में गिना जाता है। वर्ष 2019 से एसोसिएशन की अंतरिम समिति स्टेडियम के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। 1 करोड़ रूपए से अधिक के निवेश से स्टेडियम में बड़े बदलाव किए गए हैं और अब यह उच्च स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का केंद्र बन चुका है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button