
जालंधर, 11 जुलाई (कबीर सौंधी) : मेयर विनीत धीर से नगर निगम जालंधर के नव नियुक्त कमिश्नर निकास कुमार, आईएएस ने शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान मेयर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं तथा जालंधर शहर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। नगर निगम की प्रशासनिक सूची में निकास कुमार को नए कमिश्नर के रूप में दशार्या गया है।
बैठक के दौरान मेयर विनीत धीर ने शहर में चल रहे विकास कार्यों, सड़क निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा कूड़ा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
मेयर ने विश्वास व्यक्त किया कि नए कमिश्नर के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता से नगर निगम के कार्यों में और अधिक पारदर्शिता तथा गति आएगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े सभी प्रोजेक्ट समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे तथा लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं, कमिश्नर निकास कुमार ने मेयर को भरोसा दिलाया कि नगर निगम की सभी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं में सुधार लाना तथा जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके लिए निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
बैठक का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आपसी सहयोग से जालंधर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी ।



















