
जालंधर, 23 अगस्त (कबीर सौंधी) : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जालंधर शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। पिछले चार दिनों से सफाई सेवकों द्वारा कचरा न उठाए जाने के कारण शहर की सड़कों और प्रमुख इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं। भगत सिंह चौक से प्रताप बाग की ओर जाने वाली सड़क कचरे के डंप में तब्दील हो गई है, जबकि शहर के दर्जनों अन्य इलाकों में भी कचरा जमा होने से बदबू फैल रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी ने पंजाब सरकार से अपील की है कि नगर निगम जालंधर के हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा किया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके।
राजेंद्र बेरी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग चुके हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि इस दौरान बारिश होती है तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। जमा कचरे के कारण गंदगी और बदबू बढ़ने के साथ-साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि केवल नगर निगम के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि डिप्टी कमिश्नर (डीसी) कार्यालय के कर्मचारी भी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर हैं। इसके कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनके कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
बेरी ने पंजाब सरकार से मांग की कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर जल्द बातचीत कर समाधान निकाला जाए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और जालंधर शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में कामकाज भी सामान्य हो सके।










