
कपूरथला, 09 अप्रैल (गौरव मड़िया) : जिला कपूरथला के आबकारी अधिकारी सुखजीत सिंह चाहल ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उप आयुक्त (आबकारी) जालंधर जोन, जालंधर सुरिंदर कुमार गर्ग तथा सहायक आयुक्त (आबकारी), कपूरथला रेंज, कपूरथला नवजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अवैध शराब के खिलाफ एक विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगाना है, ताकि समाज में नशे के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत दिनांक 09.04.2026 को जिला कपूरथला के विभिन्न गांवों—विला कोठी, बूटां पिंड और लखण में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। इस दौरान टीम द्वारा लगभग 2500 लीटर लाहन ड्रमों में बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके।

आबकारी अधिकारी ने आगे बताया कि यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक जतिंदरपाल सिंह की अगुवाई में भुल्लथ सर्कल और कपूरथला सर्कल की टीमों द्वारा की गई। इस ऑपरेशन में आबकारी पुलिस स्टाफ और स्थानीय पुलिस ने भी पूरा सहयोग दिया। टीम ने विशेष रूप से गांव विला कोठी के नजदीक बहने वाले दरिया क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया, जहां अवैध शराब बनाने की गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई थी।

उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके और आम जनता खुद भी जागरूक हो और ऐसी शराब से परहेज करें।













