
अमृतसर, 16 सितंबर (साहिल गुप्ता) : पंजाब में सीमा पार से चलाए जा रहे नशा और हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क पर काउंटर इंटेलिजेंस (CI) ने बड़ा प्रहार किया है। काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार मुख्य तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 किलोग्राम हेरोइन की भारी खेप, विदेशी निर्मित 30 बोर की पीएक्स 5 पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
दुबई में बैठे ऑपरेटर और सरहद पार के तस्करों से था सीधा संपर्क
जांच एजेंसियों की शुरुआती पड़ताल में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी सीधे तौर पर सीमा पार बैठे बड़े नशा तस्करों के संपर्क में थे। वे सीमा पार से मिले निर्देशों के आधार पर ही पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में नशे की खेप को आगे खपाने का काम करते थे। जांच के दौरान इस गिरोह के तार दुबई स्थित एक संदिग्ध व्यक्ति से जुड़े होने की बात भी पुख्ता हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दुबई में बैठे इस नेटवर्क हैंडलर और बॉर्डर पार के तस्करों के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में तालमेल बैठाकर डिलीवरी का काम संभाल रहे थे।
अमृतसर के SSOC थाने में केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसियां
काउंटर इंटेलिजेंस की इस बड़ी सफलता के बाद स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में लेकर चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की पड़ताल, सप्लायर्स पर पैनी नजर
जांच एजेंसियां अब यह सुराग जुटाने में लगी हैं कि 27 किलो हेरोइन की यह बड़ी कंसाइनमेंट सीमा के किस हिस्से से भारतीय सीमा में दाखिल कराई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन बड़े नशा सौदागरों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह भी साफ हो सके कि विदेशी निर्मित पिस्टल किस माध्यम से इन तक पहुंची और इसमें कौन-कौन से स्थानीय हथियार सप्लायर शामिल हैं। पंजाब पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से संचालित संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा।










