ताज़ा खबरपंजाब

डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने नाभा जेल में की मुलाकात, मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

पटियाला, 02 फरवरी (ब्यूरो) : पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने नाभा जेल में बंद वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद डेरा प्रमुख का बयान सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

‘दोस्त और रिश्तेदार हैं, मिलना स्वाभाविक है’

जेल से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि बिक्रम मजीठिया उनके दोस्त और रिश्तेदार हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “अगर कोई अपना करीबी जेल में हो, तो क्या उससे मिलने नहीं जाना चाहिए?” जब पत्रकारों ने मजीठिया पर लगे ड्रग्स और आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर सवाल किए, तो डेरा प्रमुख ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने साफ कहा कि सरकार अपना काम कर रही है और वे केवल पारिवारिक संबंधों के चलते मुलाकात करने आए हैं। साथ ही यह भी जोड़ा कि किसी पर टिप्पणी करना उन्हें शोभा नहीं देता।

पहले भी हो चुकी है मुलाकात, इस बार बयान ने बढ़ाई हलचल

यह पहली बार नहीं है जब बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों नाभा जेल में मजीठिया से मिलने पहुंचे हों। इससे पहले भी वे उनसे मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन तब कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया गया था। इस बार दिए गए बयान को सियासी तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है, जिसने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

बिक्रम मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

बड़ी खबर यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने आज बिक्रम मजीठिया को जमानत दे दी है। मजीठिया को 25 जून 2025 को आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार किया गया था और तब से वे नाभा जेल में बंद थे। शीर्ष अदालत से राहत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार, जमानत मिलने के बाद डेरा ब्यास प्रमुख ने नाभा जेल जाकर मजीठिया से मुलाकात की और इस दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि मजीठिया पर लगे सभी आरोप झूठे हैं।

सियासी और सामाजिक हलचल तेज, AAP को झटका?

मजीठिया को जमानत मिलने के बाद अब उनके समर्थन में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच यह चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं कि इस घटनाक्रम से आम आदमी पार्टी को राजनीतिक तौर पर बड़ा झटका लग सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button