ताज़ा खबरपंजाब

पंजाब में मेडिकल स्टोर संचालक से 50 लाख की फिरौती मांगने व फायरिंग करने के मामले में दो गिरफ्तार

कपूरथला, 14 नवंबर (ब्यूरो) : पंजाब के जिला कपूरथला जिले के गांव मोठांवाल में मेडिकल स्टोर संचालक से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने और उसके घर पर गोलियां चलाने के मामले में कपूरथला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो अवैध .30 बोर देसी पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरचेत सिंह उर्फ चेता (पुत्र परमजीत सिंह, निवासी कपूरथला) और मनदीप सिंह उर्फ गोली (पुत्र निर्मल सिंह, निवासी चक्क कोटला, सुल्तानपुर लोधी) के रूप में हुई है। SSP कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को विदेश में बैठे एक व्यक्ति ने गांव मोठांवाल के मेडिकल स्टोर संचालक से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। फिरौती की रकम न देने पर हमलावरों ने संचालक के घर पर फायरिंग की थी। इस मामले में 28 अक्टूबर को थाना सुल्तानपुर लोधी में एफआईआर नंबर 24 दर्ज की गई।

 

जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 308(4), 125, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 लगाई गई हैं। मामले को सुलझाने के लिए एसपी हरविंदर सिंह और एएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेन्दर वर्मा की निगरानी में सीआईए कपूरथला के रमन कुमार, टेक्निकल सेल के इंचार्ज चरणजीत सिंह और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसआई दविंदर पाल की विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनदीप सिंह उर्फ गोली ने ही मेडिकल स्टोर संचालक की जानकारी जुटाकर विदेश में बैठे दविंदर सिंह उर्फ राजा (पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी गांव चंगा कलां, थाना शाहकोट, जिला जालंधर) को दी थी। इसके बाद दविंदर सिंह ने फिरौती की मांग की और उसी के निर्देश पर गुरचेत सिंह व मनदीप सिंह ने संचालक के घर पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो .30 बोर देसी पिस्टल और बाइक (PB-41-D-3338) बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी मनदीप सिंह उर्फ गोली के खिलाफ पहले भी 2 मई 2025 को थाना सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस अब रिमांड के दौरान अन्य संलिप्त लोगों और विदेश में बैठे आरोपी की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button