
तरनतारन, 14 सितंबर (ब्यूरो) : पंजाब के तरनतारन स्थित श्री गुरु अर्जुन देव सरकारी कॉलेज में तैनात एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जो कॉलेज की लाइब्रेरी में करीब 26 साल से सेवाएं दे रहा था।
मौत से पहले बनाए गए कथित वीडियो में तरसेम सिंह ने कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट जगतार सिंह पर मानसिक रूप से परेशान करने, रिश्वत मांगने और तबादले की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो की भी जांच की जा रही है।
मेडिकल छुट्टी और वेतन को लेकर लगाए आरोप
कथित वीडियो में तरसेम सिंह ने कहा कि पिछले करीब एक साल से क्लर्क जगतार सिंह उसे परेशान कर रहा था, जो हाल ही में कॉलेज का सुपरिंटेंडेंट बना है। तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि बीमारी के दौरान मेडिकल छुट्टी लेने पर उससे ₹5 हजार की कथित रिश्वत (Bribe) ली गई।अखबार
इसके बाद लोन से जुड़े दस्तावेज के लिए भी पैसे मांगने का आरोप लगाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक महीने की मेडिकल छुट्टी के दौरान उनके परिवार के सदस्य छुट्टी संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कॉलेज पहुंचे, लेकिन उन्हें कथित तौर पर परेशान किया गया।
तबादले की धमकी देने का आरोप
वीडियो में तरसेम सिंह ने आरोप लगाया कि उनसे दोबारा ₹5 हजार की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर तबादला करवाने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक दिन कॉलेज में बुलाए जाने के बाद उन्होंने अपनी शारीरिक स्थिति के बारे में प्रिंसिपल को बताया था।
उनके अनुसार, उन्हें सुपरिंटेंडेंट से छुट्टी के संबंध में बात करने के लिए कहा गया। तरसेम सिंह ने वीडियो में यह भी कहा कि कॉलेज में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जाए तो उस दिन की घटना की जानकारी मिल सकती है।
पत्नी ने भी लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी नीतू ने आरोप लगाया कि उनके पति को कथित तौर पर पैसे देने के लिए दबाव बनाया जाता था। उनका दावा है कि पैसे नहीं देने पर तबादले की धमकी दी जाती थी और वेतन तथा बिलों से जुड़े काम में भी कथित तौर पर परेशानी पैदा की जाती थी। पत्नी ने पूरे मामले में परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिवार की ओर से सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई है।
पुलिस ने कहा कि मौत के कारणों, वीडियो में लगाए गए आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










