
नई दिल्ली, 17 अगस्त (ब्यूरो) : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बहुप्रतीक्षित अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। संगठन में हुए इस बड़े फेरबदल में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के सियासी समीकरणों को साधने की स्पष्ट झलक दिखाई दे रही है। पार्टी हाईकमान ने पंजाब पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए राज्य के तीन प्रमुख नेताओं को केंद्रीय संगठन में बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। भाजपा द्वारा उठाया गया यह सियासी कदम राज्य की राजनीति में खासी हलचल पैदा कर रहा है।
मनप्रीत बादल बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सिख चेहरे पर बड़ा दांव पार्टी की इस नई टीम में पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में मनप्रीत बादल इकलौते सिख चेहरे के तौर पर शामिल किए गए हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे पंजाब के सिख मतदाताओं को पार्टी के साथ जोड़ने और राज्य में अपने आधार को मजबूत करने की एक सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सौदान सिंह और तरुण चुघ को भी मिली अहम जिम्मेदारी
मनप्रीत बादल के अलावा चंडीगढ़ और पंजाब से जुड़े दो अन्य वरिष्ठ नेताओं का कद भी संगठन में बढ़ाया गया है। चंडीगढ़ के सौदान सिंह को संगठन में राष्ट्रीय सहमहामंत्री की अहम जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हाल ही में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने गए तरुण चुघ को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन दोनों नेताओं का संगठनात्मक अनुभव पार्टी के कामकाज को गति देने में बेहद अहम माना जा रहा है।
पंजाब विधानसभा चुनाव पर टिकीं भाजपा की निगाहें
संगठन में पंजाब के नेताओं को मिली इस बड़ी तवज्जो को सीधे तौर पर राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा राज्य में अपने सांगठनिक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कद्दावर नेताओं के जरिए सभी वर्गों में पैठ बनाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है। केंद्रीय टीम में इन तीन नेताओं की ताजपोशी से न केवल पंजाब भाजपा के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की उम्मीद है, बल्कि यह फैसला राज्य की चुनावी बिसात पर भी बड़ा असर डाल सकता है।










