ताज़ा खबरपंजाब

द वीक बेस्ट कॉलेज रैंकिंग 2026 में HMV पंजाब में फिर बना नंबर वन

जालंधर, 01 जुलाई (धर्मेंद्र सौंधी) : हंस राज महिला महाविद्यालय (एचएमवी), जालंधर ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का परिचय देते हुए प्रतिष्ठित द वीक बेस्ट कॉलेज रैंकिंग 2026 में पंजाब के कॉलेजों में कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं फैशन टेक्नोलॉजी विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि एचएमवी की शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थागत गुणवत्ता तथा नवाचार के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है और महिला शिक्षा के क्षेत्र में उसकी अग्रणी पहचान को और सुदृढ़ करती है।

विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा प्रणाली, अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाओं तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के बल पर एचएमवी निरंतर ऐसी आत्मविश्वासी, सामाजिक रूप से उत्तरदायी एवं वैश्विक दृष्टिकोण रखने वाली छात्राओं का निर्माण कर रहा है, जो भविष्य का नेतृत्व करने के लिए तयार हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने समस्त एचएमवी परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में लगातार प्रथम स्थान बनाए रखना संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार, मूल्यपरक शिक्षा तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक राष्ट्रीय उपलब्धि एचएमवी को उच्च शिक्षा में नए मानदंड स्थापित करने तथा युवा महिलाओं को सशक्त एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। डॉ. खोसला ने डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं निरंतर प्रोत्साहन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्थानीय सलाहकार समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एन. के. सूद के मार्गदर्शन एवं सहयोग की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके संरक्षण ने एचएमवी को देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने रैंकिंग समन्वय टीम के सदस्यों-डॉ. अंजना भाटिया (नोडल अधिकारी), श्रीमती मीनू कोहली, डॉ. संगीता अरोड़ा, श्रीमती ज्योतिका, सुश्री सोनिया महेंद्रू, डॉ. राखी, डॉ. जीवन, श्रीमती नवनीता, डॉ. मीनाक्षी दुग्गल, डॉ. सिम्मी एवं डॉ. शुचि-के समर्पित प्रयासों की भी विशेष सराहना की, जिनकी मेहनत एवं सुव्यवस्थित योजना से यह प्रतिष्ठित उपलब्धि संभव हो सकी। नोडल अधिकारी डॉ. अंजना भाटिया ने कहा कि एचएमवी ने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, गुणवत्ता आश्वासन तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग संस्थान की उत्कृष्ट परंपरा और उच्च गुणवत्ता के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस रैंकिंग में एचएमवी का उत्कृष्ट प्रदर्शन शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार, आधारभूत संरचना, उद्योग सहयोग, प्लेसमेंट, छात्र सहायता सेवाओं, सामुदायिक सहभागिता, सुशासन तथा छात्राओं के समग्र विकास जैसे विभिन्न मानकों पर संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों को दर्शाता है। इस अवसर पर समूचे एचएमवी परिवार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button