
जालंधर 27 अप्रैल (ब्यूरो) : रामेश्वर कॉलोनी में कुछ दिन पहले नगर निगम की टीम ने एक अवैध इमारत को सील किया था। लेकिन अब सामने आया है कि इस सील को तोड़ दिया गया है और निर्माण कार्य फिर से शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं इस मामले में निगम कमिश्नर आईएएस संदीप ऋषि ने कहा कि रामेश्वर कॉलोनी में हुए अवैध निर्माण के मामले में जल्द एफआईआर होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से सील तोड़ी गई है, वह कानून का खुलेआम मजाक उड़ाने जैसा है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित बिल्डर का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी चार दुकानों की सील तोड़ने का आरोप उसी पर लग चुका है।
ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या इस बिल्डर को कानून का कोई डर नहीं है, या फिर नगर निगम के अधिकारियों की ढिलाई ने उसके हौसले बढ़ा दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो शहर में अवैध निर्माण को रोकना मुश्किल हो जाएगा। अब इस मामले में चीफ विजिलेंस ऑफिसर से निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई जा रही है।














