
जालंधर, 25 फरवरी (कबीर सौंधी) : शहर की कालियां कॉलोनी में एक निजी अस्पताल के बाहर पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों द्वारा एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में शिव नगर के रहने वाले सौरव सिंह के पेट में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल सौरव को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पानी लेने गए साथी पर हुआ था पहला हमला
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए घायल सौरव के छोटे भाई बोबी ने बताया कि उनका टूर एंड ट्रैवल का व्यवसाय है और दफ्तर बल अस्पताल के समीप ही स्थित है। बीती रात दोनों भाई अपने एक परिचित का हालचाल जानने के लिए अस्पताल गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने एक साथी को पास के ही पेट्रोल पंप से पीने का पानी लाने के लिए भेजा। पेट्रोल पंप पर पहले से घात लगाए बैठे कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के कारण उनके साथी पर अचानक हमला बोल दिया।
छोटे भाई को पिटता देख बचाने दौड़ा था सौरव
खौफजदा होकर बोबी का साथी अपनी जान बचाने के लिए वापस अस्पताल की तरफ भागा। जब बोबी ने अपने साथी को बचाने और हमलावर युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो बेखौफ बदमाशों ने उसके साथ भी बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। मारपीट का शोर शराबा सुनकर बोबी का बड़ा भाई सौरव सिंह फौरन मौके पर पहुंच गया। जैसे ही सौरव ने अपने छोटे भाई को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, तभी हमलावरों में से एक ने देसी कट्टे से उस पर सीधी गोली चला दी। पेट में गोली लगने के कारण लहूलुहान होकर सौरव वहीं गिर पड़ा और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
वारदात के फौरन बाद बोबी ने अपने घायल भाई को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। थाना नंबर एक के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल सौरव की हालत बेहद गंभीर है और वह पुलिस को बयान दर्ज करवाने की स्थिति में नहीं है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि फरार हमलावरों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा सके।













