ताज़ा खबरपंजाब

HMV में सशस्त्र सेनाओं के युद्ध वीरों एवं वीर नारियों का सम्मान

जालंधर, 27 अगस्त (धर्मेंद्र सौंधी) : हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर के एन.सी.सी. यूनिट द्वारा एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन, भोगपुर के सहयोग से देशभक्ति की भावना एवं उत्साह के साथ सशस्त्र सेनाओं के युद्ध वीरों एवं वीर नारियों के सम्मान में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘दैनिक सवेरा ग्रुप’ की मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती वाणी विज ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन, भोगपुर के प्रधान कैप्टन गुरमेल सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। प्रिंसिपल डॉ. (श्रीमती) एकता खोसला ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और देश के प्रति उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने श्रीमती वाणी विज को महिला सशक्तिकरण की सच्ची मिसाल बताते हुए कैप्टन गुरमेल सिंह तथा सशस्त्र सेनाओं के पूर्व सैनिकों की अनुकरणीय सेवाओं एवं बलिदानों की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा प्राप्त की जा रही शांति एवं सुरक्षा सशस्त्र सेनाओं के समर्पण और बलिदानों के कारण हो संभव हुई है। उन्होंने कहा कि युद्ध वीरों एवं वीर नारियों का साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेगा। श्रीमती वाणी विज ने भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक संबोधन में वीर नारियों एवं वीर सैनिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों में उनकी विरासत को संजोने तथा देशभक्ति एवं सेवा की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संस्था को भारतीय सेना से संबंधित पहलों के लिए निरंतर सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कैप्टन गुरमेल सिंह ने अपनी संस्था से जुड़े पूर्व सैनिकों के गौरवशाली इतिहास एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कई पूर्व सैनिकों को शौर्य चक्र, वीर चक्र, कीर्ति चक्र और सेना मेडल सहित प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सेवा करते हुए भारतीय सैनिकों द्वारा प्रदर्शित साहस एवं दृढ़ संकल्प को भी याद किया। कारगिल युद्ध एवं 1971 के युद्ध में सीमा पर जिन वीर सैनिकों के पति शहीद हुए, उन वीर नारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एच.एम.वी. एवं एक्स-सर्विसमैन वेटरन्स एसोसिएशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए। संगीत (वोकल) विभाग की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति के गीतों ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।

प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन टीम, जिसमें डॉ. शालू बत्रा (कोऑर्डिनेटर), लेफ्टिनेंट सोनिया महिंदरू (कन्वीनर) और सी.टी.ओ. एयर श्रीमती पूर्णिमा (को-कन्वीनर) शामिल थीं, को बधाई दी। हिंदी विभाग की प्रमुख एवं एन.एस.एस. प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. ज्योति गोगिया ने मंच संचालन की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक निभाई, जबकि लेफ्टिनेंट सोनिया महिंदरू ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग से डॉ. रमनीता सैणी शारदा तथा एन.सी.सी., एन.एस.एस. एवं स्टूडेंट काउंसिल के वॉलंटियर्स भी उपस्थित रहे। समारोह का समापन देश के लिए अमूल्य योगदान देने वाले वीर पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना के साथ हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button