ताज़ा खबरपंजाब

पंजाब में बड़ा हादसा, ट्राले में घुसी कार, SHO की दर्दनाक मौत

बठिंडा, 16 जून (ब्यूरो) : पंजाब के बठिंडा-मानसा रोड पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में महिला थाना मानसा की एसएचओ इंस्पेक्टर बेअंत कौर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुद्वारा तित्तरसार साहिब के नजदीक उस समय हुआ, जब वह अपनी कार से ड्यूटी के लिए मानसा जा रही थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर बेअंत कौर की कार आगे चल रही भूसे (तूड़ी) से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना मोड़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सड़क पर दृश्यता, ट्रैक्टर-ट्रॉली की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

इंस्पेक्टर बेअंत कौर वर्तमान में महिला पुलिस थाना मानसा में एसएचओ के पद पर तैनात थीं। वह बठिंडा जिले के गांव जंगीराना की निवासी थीं और उनका विवाह गांव मैसरखाना में हुआ था। उनके परिवार में पति और दो छोटे बच्चे हैं।

उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, मेहनती और संवेदनशील अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। यह हादसा सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों पर सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button