ताज़ा खबरदिल्लीराजनीति

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को फिर से खुली बहस की चुनौती

नई दिल्ली, 03 नवंबर (ब्यूरो) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देने के 24 घंटे बाद एक बार फिर उन पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी से सामने आकर बहस करने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बहस के लिए अपनी पसंद की जगह चुन सकते हैं। इतना ही नहीं, राहुल ने बहस में मीडिया और देश के युवाओं को शामिल करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को भी जज बना सकते हैं।

24 घंटे बाद राहुल गांधी ने फिर उठाया बहस का मुद्दा

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बहस की चुनौती दिए हुए 24 घंटे हो चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री अब तक सामने नहीं आए हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्ष पर देशद्रोही होने के आरोप लगाते हैं। ऐसे में उन्हें सामने आकर इन आरोपों पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी भी जगह पर बहस करने के लिए तैयार हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ।

विदेशी ताकतों से संबंधों पर भी बहस करने की कही बात

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं। उन्होंने कहा कि बहस में इन सभी मुद्दों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से जल्द बहस के लिए सामने आने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।”

मोहन भागवत को जज बनाने का भी दिया सुझाव

राहुल गांधी ने बहस का प्रारूप भी बताया। उन्होंने कहा कि बहस के दौरान दोनों नेता आमने-सामने बैठेंगे। वहां मीडिया और देश के युवा भी मौजूद रहेंगे। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पसंद के किसी भी व्यक्ति को बहस का जज बना सकते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर प्रधानमंत्री चाहें तो RSS प्रमुख मोहन भागवत को भी जज बनाया जा सकता है।

राहुल गांधी ने कहा, “दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा। जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं।”

अमेरिका डील और अडानी मामले पर भी उठाए सवाल

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बहस में देश की वित्तीय व्यवस्था और आर्थिक ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई डील को लेकर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने पूछा कि अमेरिका के साथ डील कैसे हुई, इसे इतनी जल्दी क्यों किया गया और इसे सिर्फ प्रधानमंत्री ने ही क्यों किया? उन्होंने यह भी सवाल किया कि इस डील के बारे में कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा राहुल गांधी ने अडानी मामले और एपस्टीन से जुड़े मुद्दे को भी बहस में शामिल करने की बात कही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button