ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर बस्ती पीरदाद रोड स्थित मोदी मैट्रस की फैक्ट्री में लगी भीषण आग

जालंधर, 03 सितंबर (कबीर सौंधी) : बस्ती पीरदाद रोड स्थित मोदी मैट्रस की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे इलाके के लोगों ने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर केमिकल और ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे इसे बुझाने में काफी मुश्किल आ रही है। आग लगने के बाद फैक्ट्री से निकल रहा काले धुएं का गुबार आसमान तक दिखाई दिया, जिसे देखकर आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने शुरुआती दौर में खुद भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

फैक्ट्री रिहायशी इलाके में स्थित होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बन गया। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए फैक्ट्री के आसपास बने कुछ घरों को खाली करवाया गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस और फैक्ट्री मालिक भी मौके पर पहुंच गए हैं। फैक्ट्री में आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो पाएगा। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई पानी वाली गाड़ियां मौके पर लगाई गई हैं।

दमकल कर्मचारी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं, लेकिन अंदर मौजूद केमिकल के कारण आग बार-बार भड़कने की वजह से राहत कार्य में परेशानी आ रही है। इलाका निवासियों के अनुसार, यह फैक्ट्री कई वर्षों से रिहायशी इलाके में चल रही थी। लोगों ने चिंता जताई कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button