
लुधियाना, 17 अगस्त (ब्यूरो) : लुधियाना के न्यू माधोपुरी इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां मास्टर तारा सिंह कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंशिका मृत पाई गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना मेहरबान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय अंशिका का भाई अपनी दुकान पर गया हुआ था। इसी दौरान छात्रा अपने कमरे में चली गई, जहां बाद में वह मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के भाई राहुल ने बताया कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और अंशिका दो भाइयों की इकलौती बहन थी। वह कॉलेज में पढ़ाई करने के साथ-साथ घर पर सिलाई का काम भी करती थी और अपना छोटा बुटीक चलाती थी। परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद, तनाव या झगड़ा नहीं था और उन्हें किसी पर कोई संदेह भी नहीं है।
पुलिस और परिजनों ने अंशिका के मोबाइल फोन की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध कॉल, संदेश या अन्य जानकारी सामने नहीं आई। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थाना मेहरबान के जांच अधिकारी सुदेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है और किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया है।










