ताज़ा खबरपंजाब

पंजाब के अधिकारियों को दिल्ली में ट्रेनिंग पर भेजने के मामले को लेकर CM मान बोल रहे है कोरा झूठ : मनोरंजन कालिया

जालंधर/लुधियाना, 16 अप्रैल (धर्मेंद्र सौंधी) : पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा तंज़ कसते हुए कहा कि पंजाब के अधिकारियों को दिल्ली में ट्रेनिंग पर भेजने के मामले को लेकर CM मान कोरा झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के चीफ सेक्रेटरी अनिरुद्ध तिवारी को केजरीवाल के समक्ष भेजने को लेकर विवाद खड़ा हो जाने पर CM भगवंत मान अपने असंवैधानिक काम के लिए डैमेज कंट्रोल कर रहे हैं। पत्रकार सम्मलेन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री कालिया ने कहा कि आमतौर पर जूनियर अधिकारियों को ट्रेनिंग की आवश्यकता होती है परंतु पंजाब के मुख्य वरिष्ठ अधिकारियों का शिष्टमंडल चीफ सैक्रेटरी के नेतृत्व में दिल्ली में ट्रेनिंग के लिए भेजा जाता है।

पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों को किस ट्रेनिंग की आवश्यकता है? CM भगवंत मान क्या पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यकुशलता को कम आंक रहे हैं? उन्होंने कहा कि पंजाब के राज्यपाल जब सीमावर्ती जिलों के दौरे पर जाते हैं तो पंजाब के चीफ सैक्रेटरी अनिरुद्ध तिवारी उन्हें बताते हैं कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा बुलाई गई बैठक में अधिकारियों के साथ जा रहे हैं। श्री कालिया ने पंजाब के राज्यपाल से मांग की है कि वह चीफ सैक्रेटरी द्वारा दिए गए पत्र की कापी को सार्वजनिक करें ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने मान सरकार पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वायदे करके सत्ता पर काबिज हुई ‘आप’ सरकार जहां प्रशासन को चलाने में फेल साबित हुई है, वहीं जनता से किए गए प्रत्येक वायदे से मुकर कर जनता से विश्वासघात कर रही है। इस अवसर पर पंजाब भाजपा की कार्यकारिणी के सदस्य अरुणेश मिश्रा, मुख्य प्रवक्ता अनिल सरीन, अभय कपूर व अन्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button