
जालंधर, 12 दिसंबर (हरजिंदर सिंह) : मैरिट पब्लिक हाई स्कूल जंडियाला मजकियाँ थाना नूरमहल में नोवीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र कर्मन सिंह के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय प्रेस क्लब जालंधर में प्रेस वार्ता दौरान छात्र के पिता खुशवंत सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह ने पुलिस को विस्तृत शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार स्कूल की प्रिंसिपल हरविंदर कौर के पति राकेश वालिया स्कूल में किसी भी पद पर नियुक्त नहीं है लेकिन बच्चों को बार-बार डराने, डांटने, मारने और मानसिक तौर पर तोड़ने जैसे कृत्य करता है। परिजनों का आरोप है कि मास्टर कुलदीप राम द्वारा उनके बेटे के साथ कई बार गलत और अशोभनीय हरकतें भी की गईं, जिसकी जानकारी कई बार स्कूल प्रबंधन को दी गई, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक 9 दिसंबर 2025 को बॉटनी पीरियड के दौरान कुलदीप राम ने कक्षा में घुसकर छात्र कर्मन सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद छात्र को स्कूल के मुख्य अधिकारी के समक्ष बुलाया गया और बिना किसी अभिभावक की मौजूदगी उसके बयान दर्ज कर लिए गए। कथित तौर पर छात्र पर यह दबाव बनाया कि स्कूल छोड़ दे, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
परिजनों ने बताया कि घर पहुंचकर बच्चे ने रोते हुए सारी बात बताई ओर आत्म हत्या करने की कोशिश की और यह भी कहा कि उस पर जानलेवा दबाव बनाया गया। परिजन जब स्कूल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद घायल बच्चे को उसकी मां संदीप कौर इलाज के लिए सिविल अस्पताल चंडुका ले गई, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया और एक्स-रे व अन्य जांच के लिए जालंधर भेज दिया गया।
इस पूरी घटना की शिकायत और बयान नूरमहल थाना में दर्ज करवा दिए गए हैं। परिजनों ने मांग की है कि आरोपी कुलदीप राम, हरविंदर कौर और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा बच्चे को न्याय दिलाया जाए।













