ताज़ा खबरपंजाब

“एक पौधा मां के नाम” अभियान से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा : राकेश राठौर

जालंधर, 05 जून (कबीर सौंधी) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रव्यापी मुहिम “एक पौधा मां के नाम” के अंतर्गत अपने निवास स्थान के बगीचे में परिवार सहित पौधारोपण किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा जिला जालंधर के पूर्व अध्यक्ष रमन पब्बी ,भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सनी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, जिला सचिव अमित भाटिया, राजन शर्मा उपस्थित थे।राकेश राठौर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

राकेश राठौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक जिम्मेदारी बन चुका है। बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का लगातार दोहन पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पौधा मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी माताओं के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावनात्मक एवं सामाजिक संकल्प है। एक पौधा लगाना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, हरियाली और बेहतर पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राकेश राठौर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित भी रखें। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

राठौर ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो देश को हरित और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है। पर्यावरण की रक्षा ही मानवता की रक्षा है और यही विश्व पर्यावरण दिवस का वास्तविक संदेश है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button