ताज़ा खबरदिल्लीबांग्लादेशराजनीति

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को नया पासपोर्ट देने से बांग्लादेश का इनकार

नई दिल्ली, 10 नवंबर (ब्यूरो) : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की कोशिशों के बीच ढाका ने उन्हें नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उनकी मांग को नाटक करार देते भारत से हसीना का प्रत्यर्पण करने को कहा है। उनका कहना है कि यदि हसीना बांग्लादेश लौटना चाहती हैं तो भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें वापस भेजा जाना चाहिए।

यह प्रतिक्रिया उस खबर के बाद आई है, जिसमें बताया कि शेख हसीना ने लंदन स्थित अपनी कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स के जरिये नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया था। हसीना ने अगले महीने बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि, वहां पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तारी और सजा का सामना करना पड़ सकता है।

बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि जो व्यक्ति देश छोड़कर भाग गया हो, उसके लिए सामान्य पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया लागू नहीं होती। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है। हसीना को भारत सरकार से उन्हें बांग्लादेश सौंपने का अनुरोध करना चाहिए। इसके बाद वह अदालत में आत्म समर्पण कर सकती हैं और अपनी सजा भुगत सकती हैं। कबीर ने हसीना की पासपोर्ट मांग को नाटक बताते कहा कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत बांग्लादेश लौटना चाहिए।

वहीं बांग्लादेश के गृह मामलों के सलाहकार सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि इस मामले को विदेश मंत्रालय और कानून मंत्रालय देख रहे हैं। अधिकारी जांच कर रहे है कि वास्तव में आवेदन जमा किया गया है या नहीं, उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत भेजा गया है या नहीं और क्या हसीना कानूनी रूप से नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन करने की पात्र हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार लंदन की कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को पत्र भेजकर हसीना के लिए नए दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया था। उच्चायोग ने इस अनुरोध को विदेश मंत्रालय के पास भेज दिया है। शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में सरकार विरोधी आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल हो गई थीं।

प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक टकराव के बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा था। वह तब से भारत में रह रही हैं। अब नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग तथा बांग्लादेश की ओर से प्रत्यर्पण पर जोर दिए जाने से उनकी स्वदेश वापसी का मामला फिर चर्चा में है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button