ताज़ा खबरपंजाब

एच.एम.वी. में ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर संवादात्मक व्याख्यानमाला का आयोजन

जालंधर, 10 नवंबर (धर्मेंद्र सौंधी) : हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर के हिंदी एवं संस्कृत विभाग द्वारा पंचनद शोध संस्थान के सहयोग से ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका: एक संवाद’ विषय पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रमनीता सैनी शारदा उपस्थित रहीं तथा मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. कंकेश गुप्ता, अध्यक्ष, पंचनद शोध संस्थान एवं डॉ. रितु बाला, सहायक प्रोफेसर, विश्वेश्वरानंद वैदिक रिसर्च इंस्टीट्यूट, होशियारपुर उपस्थित रहे।

प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) एकता खोसला द्वारा अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उनमें सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी की भावना और रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करना आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों का दायित्व है कि वे छात्राओं को शिक्षा क साथ-साथ अच्छे संस्कारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करें, ताकि वे राष्ट्र के विकास में अपना सार्थक योगदान दे सकें। कार्यक्रम को संवादात्मक स्वरूप प्रदान करते हुए छात्राओं जानवी, मुस्कान, हिमांशी एवं जाह्नवी ने विषय से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।

इसके साथ ही अन्य छात्राओं ने भी इन चारों प्रतिभागियों से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनके माध्यम से राष्ट निर्माण में युवाओं की भूमिका, उनकी जिम्मेदारियों, सामाजिक चुनौतियों तथा देश के प्रति उनके कर्तव्यों पर सार्थक चर्चा हुई। इस प्रश्नोत्तर सत्र ने कार्यक्रम को विचारोत्तेजक एवं सहभागितापूर्ण बनाया। डॉ. कंकेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम देश को अपना समझेंगे, तभी हम उसकी कमियों को दूर करने और उसके निर्माण में सार्थक योगदान देने में सक्षम हो सकेंगे। उन्होंने युवाओं को अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाने तथा किसी भी विषय को गहराई से समझने की क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही समझ और सकारात्मक दृष्टिकोण ही समाज एवं राष्ट्र के विकास की दिशा निर्धारित करते हैं।

डॉ. रितु बाला ने विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने जिम्मेदार नागरिक बनने, सकारात्मक सोच अपनाने और सत्य के मार्ग पर चलते हुए जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपने नैतिक मूल्यों और संस्कारों को जीवन में आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। डॉ. रमनीता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का आयोजन डां. ज्योति गोगिया एवं डॉ. मीनू तलवाड़ द्वारा किया गया। मंच संचालन डॉ. ज्योति गोगिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. पवन कुमारी और डॉ. दीप्ति धीर भी उपस्थित रहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button