ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर – CP सतिंदर सिंह के सख्त आदेश,मैरिज पैलेसों में हथियार ले जाने और चाइना डोर की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

जालंधर, 10 नवंबर (कबीर सौंधी) : जालंधर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत कई प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों में हथियार लेकर चलने, मैरिज पैलेसों में हथियारों का प्रदर्शन करने, चाइना डोर की बिक्री एवं इस्तेमाल, होटल-पीजी में ठहरने वाले लोगों के रिकॉर्ड और पार्किंग स्थलों पर CCTV लगाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश शामिल हैं।

मैरिज पैलेसों में हथियार ले जाने पर रोक

पुलिस कमिश्नरेट की सीमा में हथियार, तेजधार वस्तुएं और अन्य जानलेवा सामान लेकर चलने तथा विवाह समारोहों, मैरिज पैलेसों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मैरिज पैलेस संचालकों को CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

होटल और पीजी संचालकों को रखना होगा रिकॉर्ड

मकान मालिकों को किरायेदारों तथा पीजी और होटल संचालकों को अपने यहां ठहरने वाले लोगों की पहचान सत्यापित कर पूरा रिकॉर्ड रखना होगा। होटल संचालकों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे संबंधित थाना प्रभारी को जानकारी भेजनी होगी। विदेशी नागरिकों के ठहरने पर संबंधित विभाग को सूचित करना अनिवार्य होगा।

CCTV के बिना नहीं चलेगी पार्किंग

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और बाजारों की पार्किंग में CCTV कैमरे लगाना जरूरी होगा। वाहनों की नंबर प्लेट और चालकों के चेहरे स्पष्ट दिखाई देने चाहिए। रिकॉर्डिंग 45 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी। पार्किंग संचालकों को वाहन मालिकों और कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड भी रखना होगा।

मोबाइल-सिम खरीदने के लिए ID जरूरी

मोबाइल फोन और सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदारों को खरीदार की पहचान सत्यापित करनी होगी। ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान पत्र सहित आवश्यक जानकारी रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा।

चाइना डोर और हथियारों के प्रचार पर पाबंदी

चाइना डोर और सिंथेटिक मांझे के निर्माण, बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस की वर्दी बेचने के लिए भी खरीदार की पहचान का रिकॉर्ड रखना होगा। इसके अलावा हथियारों को बढ़ावा देने वाले गीतों, हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने तथा नफरत फैलाने वाले भाषणों पर भी रोक लगाई गई है।

फुटपाथों पर कब्जे और बुलेट के पटाखों पर कार्रवाई

सड़कों और फुटपाथों पर अनधिकृत कब्जे तथा दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से अधिक सामान रखने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर में बदलाव कर पटाखों जैसी आवाज निकालने और निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर बेचने पर भी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने इन आदेशों के माध्यम से महानगर में शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न आदेशों की अवधि संबंधित अधिसूचनाओं के अनुसार 7 और 8 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button