
जालंधर, 07 अगस्त (कबीर सौंधी) : जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रजिंदर बेरी ने शुक्रवार को नंगलशामा चौक से लद्धेवाली जाने वाली सड़क पर स्थित पार्क का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्क की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम कमिश्नर और मेयर से पार्कों की नियमित देखरेख, सफाई व्यवस्था तथा रखरखाव को प्राथमिकता देने की मांग की।
रजिंदर बेरी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए इन पार्कों का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज इनकी हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। पार्कों में घास और झाड़ियां उगी हुई हैं तथा सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार पार्कों की घास तक नहीं कटवा पा रही, जिससे विकास के बड़े-बड़े दावों की वास्तविकता जनता के सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि पार्कों की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को मजबूरन सड़कों पर टहलना पड़ रहा है। पार्कों में पूर्व सरकार के समय लगाए गए ओपन जिम भी सफाई और रखरखाव के अभाव में उपयोग के योग्य नहीं रह गए हैं, जिससे आम लोगों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। बेरी ने कहा कि लद्धेवाली पार्क की वर्तमान स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों की असल तस्वीर पेश करती है। यदि सरकार पहले से बनी सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण और रखरखाव भी नहीं कर सकती, तो नए विकास के दावे केवल खोखले साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बने पार्कों की देखभाल करना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है, लेकिन इस ओर पूरी तरह से लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास केवल नई योजनाओं और घोषणाओं से नहीं, बल्कि पहले से उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाओं के बेहतर रखरखाव और प्रभावी संचालन से भी साबित होता है। जनता अब इन बदहाल पार्कों और उपेक्षित सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर सरकार से जवाब चाहती है।
बेरी ने मांग की कि नगर निगम तत्काल पार्कों की सफाई, घास की कटाई, झाड़ियों की सफाई तथा ओपन जिम उपकरणों को उपयोग योग्य बनाने के लिए अभियान चलाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आम आदमी पार्टी सरकार के विकास संबंधी दावे धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।










