
जालंधर, 28 अप्रैल (कबीर सौंधी): पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम “War on Drugs” के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब CIA स्टाफ की टीम ने अलग-अलग ऑपरेशनों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर (IPS) के दिशा-निर्देशों और DCP इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS), ADCP इन्वेस्टिगेशन श्री जयंत पुरी (IPS) व ACP (D) श्री अमरबीर सिंह (PPS) की निगरानी में CIA स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहला मामला: 1 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
23 अप्रैल 2026 को CIA स्टाफ की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अनिल उर्फ बुग्गी (निवासी ग्रीन एवेन्यू, काला संघिया रोड, जालंधर) और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की (निवासी फिरोजपुर) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 1 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना भार्गो कैंप में NDPS एक्ट की धारा 18-61-85 के तहत मामला नंबर 96 दर्ज किया गया है।

दूसरा मामला: अवैध हथियारों सहित दो अन्य काबू
इसी कड़ी में 24 अप्रैल 2026 को मकसूदां चौक के पास मौजूद CIA की दूसरी टीम ने नाकेबंदी के दौरान आशीष उर्फ सहोता (निवासी नकोदर) और मनिंदर गिल (निवासी शाहकोट) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 03 अवैध पिस्तौल और 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। थाना डिवीजन नंबर 1 में इन आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B(a)-54-59) के तहत मामला नंबर 120 दर्ज किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से मनिंदर गिल पहले से ही आपराधिक पृष्ठभूमि का है। उसके खिलाफ थाना शाहकोट में साल 2023 में IPC की विभिन्न धाराओं (375, 315, 216, 420, 120-B) और POCSO एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज है। पुलिस अब इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाया जा सके और यह जाना जा सके कि अवैध हथियार और नशा कहाँ से लाया गया था।
मुख्य बरामदगी:
- अवैध हथियार: 03 पिस्तौल और 02 जिंदा कारतूस
- नशीला पदार्थ: 01 किलोग्राम अफीम
- कुल गिरफ्तार: 04 आरोपी














