ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नूरमहल के ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

जालंधर, 03 अप्रैल (इंद्रजीत सिंह) : स. हरविंदर सिंह विरक, पी.पी.एस., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण के मार्गदर्शन में जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नूरमहल क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली गई है। यह कार्रवाई गंभीर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विनीत अहलावत, आई.पी.एस., पुलिस अधीक्षक (जांच), ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी, सब डिवीजन नकोदर तथा इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह, एसएचओ, थाना नूरमहल की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आधुनिक और तकनीकी तरीकों का उपयोग करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि 01 मार्च 2026 को दलीप सिंह पुत्र ध्यान सिंह निवासी पट्टी पुरेवाल, शंकर (थाना सदर नकोदर) द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि उसका पुत्र इकबाल सिंह उर्फ बब्बलू 28 फरवरी 2026 को नकोदर से गांव रामपुर की ओर स्कूटर पर गया था। रास्ते में नूरमहल के पास नए बने हाईवे के नजदीक कच्चे रास्ते पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इस संबंध में थाना नूरमहल में एफआईआर नंबर 32 दिनांक 01.03.2026 के तहत धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि मृतक पिछले लगभग 17–18 वर्षों से अमरजीत सिंह कंग के घर रह रहा था और घर की देखभाल करता था। वहीं काम करने वाले सतनाम सिंह (मिस्त्री) और बब्बलू उर्फ लल्ला (मजदूर) के साथ उसके अक्सर विवाद होते रहते थे, जिससे आपसी रंजिश पैदा हो गई थी।

28 फरवरी 2026 को लगभग रात 8:30 बजे आरोपियों ने योजना बनाकर इकबाल सिंह को रास्ते में रोक लिया, उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और दरांती से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से मृतक का मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए।

पुलिस द्वारा तकनीकी जांच की मदद से 02 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा तथा आगे की पूछताछ जारी है।

मृतक की पहचान इकबाल सिंह उर्फ बब्बलू पुत्र दलीप सिंह निवासी पट्टी पुरेवाल, शंकर, थाना सदर नकोदर, जिला जालंधर, उम्र लगभग 44 वर्ष के रूप में हुई है, जो बब्बलू क्लॉथ हाउस, छोटा बाजार नकोदर से संबंधित था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह पुत्र शिंगारा सिंह निवासी मलोवाल, थाना महितपुर, जिला जालंधर तथा बब्बलू उर्फ लल्ला पुत्र राजू निवासी पंडोरी मोतुआ, थाना सदर नकोदर, जिला जालंधर के रूप में हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button