
जालंधर, 01 नवंबर (कबीर सौंधी) : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, ओलंपियन एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार परगट सिंह आज जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम में चल रही एशियन हॉकी चैंपियनशिप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय टीम सहित विभिन्न देशों की टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

परगट सिंह ने कहा कि जालंधर के ऐतिहासिक सुरजीत हॉकी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन होना बेहद खुशी और गर्व की बात है। इससे न केवल पंजाब में हॉकी को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने इस चैंपियनशिप के आयोजन के लिए हॉकी इंडिया का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि जालंधर की हॉकी से जुड़ी पहचान और विरासत को ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल भावना, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के साथ वे हॉकी प्रेमियों का दिल जीतें। इस मौके पर सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और हॉकी इंडिया के पदाधिकारी भी उनके साथ रहे।















