तमिलनाडुताज़ा खबर

TVK सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार ; 23 नए मंत्रियों ने ली शपथ, कांग्रेस भी बनी सरकार का हिस्सा

चेन्नई, 21 मई (ब्यूरो) : तमिलनाडु में मुख्यमंत्री C. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) सरकार का पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। इस विस्तार में TVK के 21 और सहयोगी दल कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब राज्य सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है। तमिलनाडु में अधिकतम 35 मंत्री बनाए जा सकते हैं, ऐसे में अभी भी तीन पद खाली रखे गए हैं।

हालांकि सरकार के अहम सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) फिलहाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए हैं। दोनों दलों के पास विधानसभा में 2-2 विधायक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक IUML और VCK के लिए एक-एक मंत्री पद आरक्षित रखा गया है, लेकिन दोनों दलों ने अभी तक अपने प्रतिनिधियों के नाम तय नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि अगले चरण में इन दलों को भी सरकार में शामिल किया जा सकता है।

TVK नेतृत्व लगातार VCK,भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (Marxist) (CPM) और IUML को औपचारिक रूप से सरकार में शामिल होने का न्योता दे रहा है। फिलहाल ये सभी दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं। तमिलनाडु के लोक निर्माण और खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय गठबंधन सहयोगियों को सरकार में शामिल करने के पक्ष में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि VCK प्रमुख थोल. थिरुमावलवन भी जल्द मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

इस कैबिनेट विस्तार की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा कांग्रेस की सरकार में एंट्री को लेकर रही। शपथ लेने वाले दो कांग्रेस विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन हैं। लगभग छह दशकों में पहली बार कांग्रेस तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह गठबंधन दक्षिण भारत की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।

10 मई को ली थी विजय ने शपथ

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विजय ने 10 मई को 9 मंत्रियों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। अब 23 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद सरकार का आकार काफी बड़ा हो गया है और माना जा रहा है कि जल्द ही विभागों का बंटवारा भी किया जाएगा।

नए मंत्रियों में कई नए चेहरे

TVK कोटे से शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जगदेश्वरी के, राजेश कुमार एस, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थीबन ए, रमेश, पी विश्वनाथन, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के शामिल हैं। तमिलनाडु की राजनीति में यह विस्तार बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि TVK सरकार अब गठबंधन को मजबूत करते हुए अगले चुनावी समीकरणों की तैयारी में जुट गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button