ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर पुलिस की दोहरी कार्रवाई: 275 ग्राम हेरोइन और अवैध पिस्तौल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

जालंधर 17 नवंबर (हरजिंदर सिंह) : जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 275 ग्राम हेरोइन, एक .32 बोर पिस्तौल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन देव सिंह और एसीपी डिटेक्टिव अमरबीर सिंह की निगरानी में CIA स्टाफ और स्पेशल सेल की टीमों ने यह कार्रवाई की। 

14 नवंबर 2026 को इंस्पेक्टर रविंदर कुमार के नेतृत्व में CIA स्टाफ की टीम नशा तस्करों की तलाश में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला को काबू किया। उसकी एक्टिवा की तलाशी लेने पर 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी महिला की पहचान कोमल पत्नी मनदीप, निवासी मोहल्ला ऊंचा धोड़ा, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना रामा मंडी में मुकदमा नंबर 346, दिनांक 14 नवंबर 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। इनमें थाना डिवीजन नंबर 7 में वर्ष 2023 का मुकदमा नंबर 193 और थाना सदर में वर्ष 2023 का मुकदमा नंबर 76 शामिल है। पुलिस ने महिला के कब्जे से काले रंग की एक्टिवा (PB08-FM-7865) भी बरामद की है।

स्पेशल सेल ने पिस्तौल और कारतूस सहित युवक को दबोचा

दूसरी कार्रवाई में 13 नवंबर 2026 को स्पेशल सेल के इंचार्ज एसआई मनजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसकी बाईं कमर से बिना लाइसेंस का .32 बोर पिस्तौल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान सनी शेरगिल पुत्र फकीर चंद, निवासी गांव बंबियांवाल, थाना सदर, जिला जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा नंबर 226, दिनांक 13 नवंबर 2026, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना रामा मंडी में 3 सितंबर 2026 को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि हथियार के स्रोत और अन्य संभावित गतिविधियों का पता लगाया जा सके। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button