Canada ने 4 पंजाबी युवकों को किया डिपोर्ट

ओटावा, 15 सितंबर (ब्यूरो) : कनाडा में भारतीय मूल के कारोबारियों को निशाना बनाकर चलाए जा रहे जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) और हिंसा के सिंडिकेट के खिलाफ कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा प्रहार किया है। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने संगठित अपराध और रंगदारी मामलों में लिप्त पाए जाने पर पंजाब मूल के चार भारतीय नागरिकों को देश से निष्कासित (डिपोर्ट) कर दिया है। ये चारों युवक कनाडा में आपराधिक गिरोहों के साथ मिलकर वसूली नेटवर्क चला रहे थे।
इन चार आरोपियों को किया गया डिपोर्ट
सीबीएसए की ओर से जारी बयान के अनुसार, डिपोर्ट किए गए आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह, जसमेर सिंह, अमितोज बाजवा और साहिबजोत सिंह के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों ने पाया कि ये सभी इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी प्रोटेक्शन एक्ट (IRPA) के तहत अयोग्य थे और गंभीर अपराधों व आपराधिक संगठनों से जुड़े हुए थे। इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड ऑफ कनाडा की आधिकारिक सुनवाई और आदेशों के बाद चारों को सीधे भारत वापस भेज दिया गया है।
अब तक 111 आरोपियों को किया गया बाहर
कनाडा में रंगदारी के नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 सितंबर 2026 तक देश भर में 188 निष्कासन आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 111 व्यक्तियों को पहले ही देश से बाहर निकाला जा चुका है। आंकड़ों के मुताबिक, पैसिफिक क्षेत्र में 91 आदेशों में से 58, प्रेयरी क्षेत्र में 47 में से 30 और ग्रेटर टोरंटो एरिया में 50 आदेशों में से 23 लोगों को निष्कासित किया गया। सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसंगरी और सीबीएसए की अध्यक्ष एरिन ओ’गोर्मन ने कहा कि रंगदारी से जुड़े 100 से अधिक लोगों का निष्कासन यह दर्शाता है कि कनाडा संगठित अपराध को खत्म करने के लिए बेहद सख्त रुख अपना रहा है।
स्टडी परमिट वाले भारतीय युवाओं को मोहरा बना रहे गिरोह
कनाडा की वित्तीय खुफिया एजेंसी फिनट्रैक (FINTRAC) ने हाल ही में एक चेतावनी बुलेटिन जारी किया था। इसमें खुलासा हुआ था कि बड़े आपराधिक गिरोह आर्थिक तंगी से जूझ रहे और स्टडी परमिट पर कनाडा आए युवा भारतीय छात्रों को अपने ‘फुट सोल्जर्स’ के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इन छात्रों को साउथ एशियन मूल के व्यापारियों को डराने, फायरिंग करने और वसूली के लिए मोहरा बनाया जाता है। वहीं, कैलगरी पुलिस ने भी हाल ही में साउथ एशियन समुदाय को धमकाने के आरोप में 16 लोगों पर 56 संगीन मामले दर्ज किए हैं।
हर हफ्ते 400 लोगों को निकाल रहा कनाडा, 1000 नए अधिकारियों की भर्ती
सीबीएसए मौजूदा समय में हर हफ्ते औसतन 400 अयोग्य व्यक्तियों को देश से बाहर कर रहा है। वर्ष 2025 में ही कुल 23,160 लोगों को निष्कासित किया गया था, जिनमें से 1,010 लोग गंभीर अपराध और संगठित गिरोहों से जुड़े थे। कनाडा सरकार ने बॉर्डर प्लान के तहत हर साल 20,000 निष्कासन पूरे करने के लिए 3.04 करोड़ डॉलर आवंटित किए हैं और सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए 1,000 नए सुरक्षा अधिकारियों की भर्ती करने की योजना बनाई है।










