गुजरातताज़ा खबर

महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेमी ASI की हत्या कर कार में जलाया शव, 4 गिरफ्तार

अहमदाबादा, 18 नवंबर (ब्यूरो) : गुजरात के साबरकांठा जिले के चिथोडा पुलिस स्टेशन में तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि उसी थाने में तैनात एक महिला हेड कांस्टेबल ने प्रेम संबंध खत्म करने की चाहत में ASI की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए अपने परिजनों और दोस्तों की मदद से शव को कार सहित पेट्रोल डालकर जला दिया।

 

अरावली लोकल क्राइम ब्रांच ने इस मामले का खुलासा करते मुख्य आरोपी महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसया (37) और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अरावली जिले के भिलोडा तालुका स्थित जिंझोडी गांव निवासी अश्विन तबियाद के रूप में हुई है। वे चिथोडा पुलिस स्टेशन में इंस्पेक्टर के पर्सनल राइटर के तौर पर कार्यरत थे।

 

अश्विन 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे डयूटी पर जाने के लिए अपनी मारुति अर्टिगा कार से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिन बाद यानी 10 नवंबर को भिलोडा तालुका के पादरा गांव के पास हथमाती नदी के किनारे उनकी जली हुई मारुति अर्टिगा कार मिली, जिसके अंदर उनके जले हुए अवशेष पाए गए। उनके पिता बाबू तबियाद ने ये अवशेष उनके बेटे के होने की आशंका जताई।

 

अरावली LCB की गहन जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार अश्विन तबियाद के चिथोडा थाने में ही तैनात और महिला सुरक्षा टीम की सदस्य हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के साथ प्रेम संबंध थे। जांच में सामने आया कि अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि अश्विन उस पर संबंध जारी रखने का दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को चियोडा स्थित अपने किराए के घर पर बुलाया, जहां वे रात भर रूके। पुलिस के मुताबिक अल्फा ने रात में ही अश्विन की हत्या कर दी थी।

 

अरावली के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोहर सिंह जडेजा ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की पूरी साजिश का खुलासा करते बताया कि हत्या के बाद अगली सुबह अल्फा ने अपने भाई कल्पेश कलसवा को फोन कर बुलाया, जो अपने चचेरे भाई पंकज के साथ मारुति ईको कार लेकर वहां पहुंचा। तीनों ने शव को एक बोरे में बंद किया और पूरे दिन घर के अंदर छिपाए रखा। जिसके बाद पंकज मृतक की अर्टिगा कार को कनादार गांव के बाहरी इलाके में एक मंदिर के पास सुनसान जंगल में ले गया, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से उसके पीछे गए। वे अर्टिगा को वहीं छोड़‌कर वापस चिथोडा लौट आए।

 

रात होने पर कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को बुलाया। चारों आरोपी ईको कार में शव लेकर जंगल में खड़ी अर्टिगा के पास पहुंचे और शव से भरे बोरे की अर्टिगा की बीच वाली सीट के पास रख दिया। जिसके बाद मनोज अर्टिगा चलाकर पादरा गांव की ओर ले गया, जबकि अल्फा और कल्पेश ईको कार से पीछे चले। हथमाती नदी के पास पहुंचकर आरोपियों ने कार पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।

 

पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, अरावली और साबरकांठा जिलों के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कड़ियां जोड़ी। जांच में सामने आया कि कार जलाने से पहले आरोपियों ने विजय नगर के एक पेट्रोल पंप से ईको कार का इस्तेमाल कर कैन में पेट्रोल खरीदा था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने अल्फा कलसवा, कल्पेश कलसवा, पंकज और मनोज निनामा को गिरफ्तार कर लिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button