ताज़ा खबरपंजाबसड़क दुघर्टना

शादी समारोह से लौट रही गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट, 1 की मौत व 3 घायल

जालंधर, 09 फरवरी (कबीर सौंधी) : जालंधर-शाहकोट हाईवे पर शाहकोट के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान जालंधर निवासी कुणाल उर्फ संजू के रूप में हुई है।

यह दुर्घटना देर रात करीब दो बजे जालंधर-शाहकोट हाईवे पर मलसियां के पास हुई। पुलिस के अनुसार, कुणाल एक स्विफ्ट डिजायर कार चला रहा था, जिसमें सवार होकर वे मोगा से जालंधर लौट रहे थे। तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान हिमाचल प्रदेश के मुबारकपुर निवासी पूजा, जालंधर निवासी कृष्ण और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी डोली के रूप में हुई है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए कुणाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, कुणाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शाहकोट के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस ने कुणाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज गति और कार का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button