
हैदराबाद, 07 जनवरी (ब्यूरो) : भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर की गयी एक टिप्पणी के विरोध में तेलंगाना में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर पथराव किया और वहां घुसने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गयी। यह झड़प तब हुई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में घुसने का प्रयास किया और यहां पथराव भी किया।
प्रदर्शन के दौरान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन उनके नहीं रुकने पर दोनों आपस में भिड़ गये। दोनों के बीच हाथापाई के दौरान कथित तौर पर लाठियों का इस्तेमाल किया गया। इसमें एक भाजपा कार्यकर्ता के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह विरोध प्रदर्शन रमेश बिधूड़ी के एक विवादित बयान के बाद शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस टिप्पणी पर नाराजगी जताई। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने एक बयान में भाजपा कार्यालय पर हमले की निंदा की और हिंसा का सहारा लेने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘जब उसके कार्यकर्ताओं पर हमला होगा तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। अगर भाजपा कार्यकर्ता ठान लें तो गांधी भवन सहित कांग्रेस कार्यालयों की नींव तक हिल जाएगी।” उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना अस्वीकार्य है। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं के धैर्य को अक्षमता न समझें।” उन्होंने हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कारर्वाई की मांग की।