ताज़ा खबरपंजाब

जालंधर में किंगडम कंसल्टेंट ट्रेवल एजेंसी और विवादित ट्रैवल एजेंट शीतल फिर विवादों में, पैसे वापस मांगने गए दंपती पर बाउंसरों ने किया हमला

पति के साथ जमकर की मारपीट, गर्भवती महिला को भी नहीं छोड़ा; वीजा के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

जालंधर, 11 फरवरी (कबीर सौंधी) : जालंधर के गढ़ा रोड स्थित ‘किंगडम कंसल्टेंट’ नामक ट्रेवल एजेंसी एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गई है। आरोप है कि मोगा से अपना पैसा वापस लेने आए एक दंपती के साथ एजेंसी के स्टाफ और बाउंसरों ने सरेआम गुंडागर्दी की। मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ितों के अनुसार, जब उन्होंने वीजा न लगने पर अपनी फीस वापस मांगी, तो दफ्तर में मौजूद बाउंसरों ने गर्भवती महिला के पति के साथ मारपीट की और महिला के साथ भी बदतमीजी की गई।

वीजा के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

पीड़ित महिला रमनदीप कौर, जो मोगा की रहने वाली हैं, ने बताया कि उन्होंने जून महीने में अपने बच्चे के माइनर वीजा के लिए आवेदन किया था। उन्होंने एजेंट को कुल 3 लाख 42 हजार रुपये का भुगतान किया था। छह महीने बीत जाने के बाद भी एजेंट ने न तो वीजा लगवाकर दिया और न ही कोई रिफ्यूज लेटर सौंपा। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से अपने पैसे वापस मांग रहे हैं, लेकिन एजेंट हर बार उन्हें टाल देता था।

बाउंसर बुलाकर की गई मारपीट

रमनदीप कौर ने आरोप लगाया कि आज जब वे दफ्तर पहुंचे, तो स्टाफ ने उनसे सीधी बात करने के बजाय गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद ऊपर के केबिन में बैठे व्यक्ति ने नीचे मौजूद बाउंसरों को फोन करके बुला लिया। आरोप है कि बाउंसरों ने आते ही महिला के पति के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। महिला ने बताया कि वह गर्भवती है, इसके बावजूद बाउंसरों ने उनका लिहाज नहीं किया और उन्हें वहां से भगाने की कोशिश की।

पुलिस मौके पर पहुंची

हंगामे और मारपीट की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और किंगडम एजेंट के दफ्तर की जांच शुरू कर दी। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया कर्मियों ने बताया कि यह ट्रेवल एजेंट अक्सर विवादों में रहता है और पहले भी लोगों के साथ ठगी करने और बाउंसरों के जरिए डराने-धमकाने के आरोप इन पर लगते रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके 2 लाख 90 हजार रुपये वापस दिलाए जाएं और आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button